सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया ( फोटो: प्रभाकर मिश्रा )
सुप्रीम कोर्ट ने ज़ोर देकर कहा है कि हाई कोर्ट के जज किसी भी तरह से सुप्रीम कोर्ट के जजों से कमतर नहीं हैं और वे समान संवैधानिक दर्जा रखते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट के फैसलों को न्यायिक रूप से पलट या संशोधित कर सकता है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि सुप्रीम कोर्ट का हाई कोर्ट पर प्रशासनिक नियंत्रण है। एक ट्रांसफर याचिका में कुछ वकीलों द्वारा तेलंगाना हाईकोर्ट के एक जज पर आपत्तिजनक आरोप लगाया गया था। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस बी आर गवई, जस्टिस के विनोद चंद्रन और जस्टिस एन वी अंजारिया की पीठ ने उस जज से बिना शर्त माफी मांगने का निर्देश दिया।
सुप्रीम कोर्ट की ये टिप्पणी पिछले हफ्ते की उन घटनाओं के संदर्भ में भी अहम हैं, जब सुप्रीम कोर्ट की एक पीठ ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के एक जज को गलत आदेश पारित करने के कारण आपराधिक मामलों की सुनवाई से हटाने का निर्देश दिया था। बाद में, भारत के मुख्य न्यायाधीश के अनुरोध पर, उस पीठ ने यह आदेश वापस ले लिया था।
संबंधित खबर यहां पढ़ें: सीजेआई ने क्यों कहा कि जजों की योग्यता पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए!
आज के आदेश में, सीजेआई जस्टिस गवई की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि “हाई कोर्ट के जज भी संवैधानिक पदाधिकारी हैं; वे सुप्रीम कोर्ट के जजों के समान ही अभिरक्षा (इम्यूनिटी) का आनंद लेते हैं। संवैधानिक ढांचे के तहत, हाई कोर्ट के जज किसी भी रूप में सुप्रीम कोर्ट के जजों से कमतर नहीं हैं। यद्यपि सुप्रीम कोर्ट के जज, हाई कोर्ट के जजों के फैसलों को पलट सकते हैं, बरकरार रख सकते हैं या संशोधित कर सकते हैं, लेकिन उनका हाई कोर्ट के प्रशासन या हाई कोर्ट के जजों पर कोई प्रशासनिक नियंत्रण नहीं है।”
हाई कोर्ट के जज भी संवैधानिक पदाधिकारी हैं; वे सुप्रीम कोर्ट के जजों के समान ही अभिरक्षा (इम्यूनिटी) का आनंद लेते हैं। संवैधानिक ढांचे के तहत, हाई कोर्ट के जज किसी भी रूप में सुप्रीम कोर्ट के जजों से कमतर नहीं हैं – सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में वकीलों को हाई कोर्ट के जज से माफी मांगने का निर्देश देते हुए कहा कि “जब जजों के खिलाफ ऐसे आपत्तिजनक आरोप लगाए जाते हैं, तो इस न्यायालय का कर्तव्य बन जाता है कि वह हाई कोर्ट के जजों की रक्षा करे।”