पिछले दिनों भगवान विष्णु को लेकर की गई टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही आलोचनाओं को लेकर चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया जस्टिस बी आर गवई ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनकी टिप्पणी को ग़लत सन्दर्भ में पेश किया जा रहा है। वो हर धर्म का सम्मान करते है।
16 सितंबर को खजुराहो के जावरी मंदिर में भगवान विष्णु की 7 फुट की खंडित मूर्ति को दोबारा पूरी तरह से स्थापित करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई से इंकार करते हुए चीफ जस्टिस ने याचिका पर सुनवाई से इंकार करते हुए से कहा था कि यह मामला ASI के अधिकार क्षेत्र में आता है। कोर्ट इसमे दखल नहीं दे सकता। जस्टिस गवई ने याचिका कर्ता से ये भी बोल दिया था कि ”अब आप भगवान से ही प्रार्थना कीजिए।आप कहते हैं कि आप भगवान विष्णु के परम भक्त हैं। वही आपकी सहायता कर सकते हैं।” चीफ जस्टिस की इस टिप्पणी के चलते उनकी सोशल मीडिया पर आलोचना हो रही है।
संबंधित ख़बर यहां पढ़ें: आप भक्त हैं तो भगवान विष्णु से ही जाकर कहिए: सीजेआई गवई।
गुरुवार को किसी और मामले में सुनवाई के दौरान जस्टिस गवई ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनकी टिप्पणी को ग़लत सन्दर्भ में पेश किया जा रहा है। वो हर धर्म का सम्मान करते हैं। उस समय कोर्टरूम में मौजूद सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि सोशल मीडिया पर चीफ जस्टिस की टिप्पणी को संदर्भ से अलग हटकर ग़लत तरीक़े से पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि वो चीफ जस्टिस को दस साल से जानते है। चीफ जस्टिस हर धर्म का सम्मान करते हैं, प्रत्येक धार्मिक स्थान पर जाते हैं। चीफ जस्टिस, किसी देवता के अपमान की सोच भी नहीं सकते। तुषार मेहता ने कहा कि न्यूटन का नियम कहता है कि हर क्रिया की समान प्रतिक्रिया होती है लेकिन सोशल मीडिया के इस दौर में आजकल हर क्रिया की ग़लत प्रतिक्रिया ही नज़र आती है।
सीजेआई गवई की बेंच के साथ जज जस्टिस विनोद चंद्रन ने भी सोशल मीडिया पर ग़लत जानकारी के नतीज़ों को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। जस्टिस चंद्रन ने कहा कि सोशल मीडिया एंटी सोशल मीडिया बन गया है। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें ख़ुद एक केस में वकील की पैरवी के चलते सुनवाई से अलग होना पड़ा था।
जिस मामले में सीजेआई ने टिप्पणी की थी उस केस के याचिकाकर्ता की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील संजय नुली ने भी सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उस दिन की गई चीफ जस्टिस की टिप्पणी को पूरी तरह से ग़लत तरीक़े से पेश किया जा रहा है। चीफ जस्टिस ने जो नहीं कहा, वो भी जोड़ दिया गया।
1 thought on “सीजेआई जस्टिस गवई को क्यों कहना पड़ा कि मैं हर धर्म का सम्मान करता हूं ?”