आरोप गंभीर हैं ! ( जस्टिस संदीप मेहता और जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा )
सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस संदीप मेहता ने CJI को चिट्ठी लिखकर राजस्थान के एक्टिंग चीफ जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा को तत्काल प्रभाव से राजस्थान हाईकोर्ट से किसी और हाईकोर्ट में ट्रांसफर करने की मांग की है । जस्टिस मेहता ने 2 अगस्त, 10 अगस्त और 17 अगस्त को लिखे पत्रों में जस्टिस शर्मा पर केसों की लिस्टिंग में हेरफेर करने और प्रशासनिक शक्तियों के कथित दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं। जस्टिस संदीप मेहता के मुताबिक, जस्टिस शर्मा अगले महीने रिटायर होने वाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि एक्टिंग चीफ जस्टिस ने अमीर पक्षकारों के पक्ष में केसों की लिस्टिंग को प्रभावित किया और अपनी प्रशासनिक शक्तियों का इस्तेमाल किया।
जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा पर लगे आरोप क्या क्या हैं?
पहला आरोप: जजों को ट्रांसफर की धमकी देने का आरोप – 2 अगस्त के अपने पत्र में जस्टिस मेहता ने लिखा कि राजस्थान के दौरे के दौरान हाईकोर्ट के कई जज उनसे मिले और जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा के व्यवहार को लेकर अपनी नाराजगी जताई। पत्र के मुताबिक, जस्टिस शर्मा कथित तौर पर अपने साथी जजों को कार्रवाई और ट्रांसफर की धमकी देते हैं और इसके लिए CJI से अपनी नजदीकी का हवाला देते हैं।
जस्टिस मेहता ने अपने पत्रों में सुप्रीम कोर्ट के CJI सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की एक हालिया टिप्पणी का भी जिक्र किया है। एक अलग मामले में दोनों जजों की पीठ ने रिटायरमेंट के करीब पहुंचने पर बाहरी कारणों से आदेश पारित करने और रिटायरमेंट से पहले ‘छक्के मारने’ की प्रवृत्ति पर चिंता जताई थी।
दूसरा आरोप : उदयपुर की जमीन से जुड़े मामलों की लिस्टिंग पर सवाल
जस्टिस मेहता ने अपने पत्रों में राजस्थान हाईकोर्ट के दो डिवीजन बेंच के आदेशों का भी हवाला दिया है। पत्र के मुताबिक, उदयपुर की बेहद कीमती जमीन से जुडी अपील को हाईकोर्ट की जयपुर बेंच में जस्टिस शर्मा ने अपनी बेंच के सामने सूचीबद्ध किया गया। जस्टिस मेहता ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि जस्टिस शर्मा खुद पहले एक फैसले में यह स्पष्ट कर चुके थे कि जोधपुर स्थित प्रधान पीठ से जुड़े ऐसे मामलों को जयपुर नहीं भेजा जा सकता।
तीसरा आरोप : जोधपुर कोर्ट भवन के उद्घाटन को लेकर है
17 अगस्त के पत्र में राजस्थान हाईकोर्ट के मौजूदा जज जस्टिस उमा शंकर व्यास से जुड़ी एक शिकायत का भी जिक्र किया गया है। पत्र के अनुसार, जस्टिस व्यास ने साथी जजों से जस्टिस शर्मा द्वारा उनकी पत्नी के प्रति कथित प्रतिशोधात्मक रवैये की शिकायत की थी। उनकी पत्नी जिला न्यायपालिका में वरिष्ठ अधिकारी हैं।
जस्टिस व्यास के कथित आरोप के मुताबिक, जस्टिस शर्मा ने अपनी ‘मनमर्जी और सनक’ के चलते जोधपुर में नए कोर्ट भवन के उद्घाटन को रोक दिया, जिससे संस्थान को नुकसान हुआ। जस्टिस मेहता ने इसे ‘माफ न किए जाने योग्य’ नुकसान बताया है।
चौथा आरोप: लोक अदालत की नियुक्तियों को लेकर है।
जस्टिस शर्मा पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद का इस्तेमाल जयपुर और अजमेर में स्थायी लोक अदालतों में अपने करीबी लोगों की नियुक्तियां कराने के लिए किया। इनमें उनके बचपन के एक दोस्त और दो जिला जजों के पति-पत्नी शामिल बताए गए हैं। एक अलग शिकायत अधिवक्ता पूजा त्रिपाठी ने सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस विक्रम नाथ को भेजी थी। इसकी कॉपी जस्टिस मेहता समेत 16 अन्य लोगों को भी भेजी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जस्टिस शर्मा ने अपने पद का इस्तेमाल जयपुर और अजमेर में स्थायी लोक अदालतों में अपने करीबी लोगों की नियुक्तियां कराने के लिए किया। इनमें उनके बचपन के एक दोस्त और दो जिला जजों के पति-पत्नी शामिल बताए गए हैं।
पांचवा आरोप : हाईकोर्ट के जजों के नाम की सिफारिश को लेकर है।
जस्टिस शर्मा पर आरोप है कि राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस के रूप में उन्होंने हाईकोर्ट में जज के पद पर पदोन्नति के लिए चार महिला वकीलों के नाम आगे बढ़ाए। शिकायतकर्ता अधिवक्ता पूजा त्रिपाठी का आरोप है कि इनमें से कोई भी चारों महिला वकील सक्रिय प्रैक्टिस में नहीं हैं और उनमें से प्रत्येक का संबंध किसी वरिष्ठ वकील या रिटायर्ड जज से है, जो जस्टिस शर्मा के करीबी बताए गए हैं।
जस्टिस मेहता के पत्रों में राजस्थान में जस्टिस एसपी शर्मा को स्थायी चीफ जस्टिस बनाए जाने की कोशिशों का भी जिक्र है। उन्होंने इन आरोपों को ‘गंभीर सबूत’ के बावजूद जारी प्रयास बताया है। उन्होंने कॉलेजियम से जस्टिस शर्मा को तत्काल राजस्थान से बाहर ट्रांसफर करने का अनुरोध किया है। जस्टिस मेहता का कहना है कि इससे संस्थान को और नुकसान से बचाया जा सकेगा। उन्होंने CJI सूर्यकांत से किसी दूसरे राज्य के चीफ जस्टिस को राजस्थान हाईकोर्ट भेजने का फैसला लेने की अपनी मांग दोहराई है। उनके मुताबिक, इस अनुरोध को लगातार नजरअंदाज करना संस्थान के हित के खिलाफ है।
जस्टिस संदीप मेहता द्वारा CJI को लिखी चिठ्ठियां, न्यायपालिका के खिलाफ आरोपों के सबूत
जस्टिस मेहता ने कुल तीन चिठ्ठियां लिखी हैं। पहली चिट्ठी 2 अगस्त को लिखी गई थी। लेकिन CJI ने उसपर अबतक संज्ञान नहीं लिया है। चूंकि अब यह बातें सार्वजानिक हो गई हैं तो उम्मीद की जानी चाहिए कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम इस मसले पर तत्काल संज्ञान लेगी। जस्टिस शर्मा अगले महीने 26 सितंबर को रिटायर होने वाले हैं।
जस्टिस शर्मा का ट्रांसफर हो या न हो। इतना तो तय है कि जस्टिस संदीप मेहता द्वारा CJI को लिखी ये चिठ्ठियां न्यायपालिका के खिलाफ लगते तमाम आरोपों के पक्ष में सबूत के तौर पर देखी जाएंगी।